भास्कर न्यूज| महासमुंद महासमुंद। बसना तहसील के ग्राम ठाकुरपाली में धान विक्रय में गंभीर लापरवाही और हेरफेर के मामले में एसडीएम हरिशंकर पैंकरा ने पटवारी हरिशंकर नायक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जांच प्रतिवेदन के अनुसार पटवारी हल्का नंबर 47 (राजस्व निरीक्षक मंडल गढ़फुलझर) में पदस्थ हरिशंकर नायक ने कृषक गिरधारी डड़सेना के नाम पर 108 क्विंटल धान का भौतिक सत्यापन किया था। लेकिन जब नायब तहसीलदार ने मौके पर जांच की, तो परतें खुलती चली गईं। सत्यापन 108 क्विंटल का था, लेकिन मौके पर केवल 70 क्विंटल (175 बोरी) धान मिला। जिस किसान (गिरधारी डड़सेना) के नाम पर धान दर्ज था, उसने उस धान पर अपना मालिकाना हक होने से साफ इनकार कर दिया। जांच में यह सिद्ध हुआ कि किसी अन्य व्यक्ति के अवैध धान को इस किसान के खाते में खपाने की कोशिश की जा रही थी, जिसमें पटवारी की भूमिका संदेहास्पद और लापरवाह पाई गई। उन्हें छग सिविल सेवा नियम 1966 के तहत एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


