नशे के खिलाफ एक साथ कई जगह छापेमारी, सात गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | लुधियाना नशे और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक साथ कई इलाकों में कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई छापेमारी के दौरान अवैध शराब, नशीली गोलियां, लाहन और हीरोइन बरामद की गई। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने दाना मंडी इलाके में कार्रवाई करते हुए राजेश कुमार को काबू किया। आरोपी के कब्जे से 48 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, वह अवैध रूप से शराब की सप्लाई कर रहा था। थाना सदर पुलिस ने कंट्री विला के पास से राहुल को गिरफ्तार कर उसके पास से 74 नशीली गोलियां बरामद कीं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोलियां कहां से लाई गई थीं और इनकी सप्लाई कहां की जानी थी। साहनेवाल थाना पुलिस ने मजारा इलाके में छापेमारी कर मानवप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 9 नशीली गोलियां बरामद हुईं। आरोपी से पूछताछ जारी है। थाना शिमलापुरी पुलिस ने दाना मंडी इलाके से गुरदेव सिंह को काबू किया। उसके पास से 180 नशीली गोलियां बरामद होने पर पुलिस इसे सप्लाई नेटवर्क से जोड़कर जांच कर रही है। लाडोवाल थाना पुलिस ने हार्डी वर्ल्ड के पास कार्रवाई करते हुए मुन्ना, नसीम, सुनील और ओमकार को गिरफ्तार किया। मौके से 20 लीटर लाहन और 7 गिलास बरामद किए गए, जिससे अवैध शराब निर्माण का खुलासा हुआ। वहीं थाना टिब्बा पुलिस ने इंदिरा कॉलोनी में छापेमारी कर वरिंदर कुमार और संदीप वर्मा को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 10 ग्राम हीरोइन बरामद की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *