रैबीज से गाय की मौत, दूध पीने वाले ग्रामीणों में दहशत

भास्कर न्यूज | कांकेर/ अंतागढ़ अंतागढ़ विकासखंड के गांव कलगांव में एक गाय की मौत के बाद पूरा गांव दहशत में है। क्योंकि उस गाय को रैबीज से ग्रसित बताया जा रहा है और ग्रामीण उसका दूध इस्तेमाल कर रहे थे। इससे ग्रामीणों संक्रमण का डर सता रहा है। इसे लेकर सरपंच ने तो पशु विभाग की लापरवाही बताते उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर दी। हालांकि मामला सामने आने के बाद गुरुवार शाम को गांव के कुछ लोगों को स्वास्थ्य केंद्र लाकर उनकी जांच की गई है। सरपंच की शिकायत के बाद प्रशासन भी गांव में पहुंच जांच पड़ताल कर रहा है। घटना को लेकर सरपंच प्रमिला नाग ने एसडीएम अंतागढ़ से लिखित में शिकायत की है। इसमें कहा है कि ग्राम पंचायत कलगांव में एक गाय अचानक पागल हो गई। इसके बाद उसकी मौत हो गई। इस गाय के दूध का गांव के लोग इस्तेमाल करते थे, जिससे गांव के 50 परिवार भय, दहशत एवं असुरक्षा के वातावरण में हैं। जिससे गांव में संक्रमण फैलने की पूरी संभावना बनी हुई है। दरअसल, कलगांव के भागीरथी पटेल की गाय को कुत्ता काट लिया था। पशु चिकित्सक अंतागढ़ रेणुका भगत ने बताया दूध का गर्म कर पीने से रैबीज होने की आशंका नहीं है। इससे डरने की जरूरत नहीं है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *