एसएएफ मैदान में इस बार 26 जनवरी को होने वाले मुख्य समारोह में ऐसे लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने समाज को अच्छा काम करने प्रेरित किया। इनमें जरूरतमंद लोगों की जिंदगी बचाने बार-बार रक्तदान, अपने माता पिता की देहदान करने वाले भी हैं। अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद ने कहा कि ऐसे लोगों की सूची अभी तैयार हो रही है। इन सभी को 26 जनवरी पर एसएएफ ग्राउंड पर होने वाले मुख्य कार्यक्रम में बुलाकर सम्मानित किया जाएगा। अभी तक 26 जनवरी के मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री ही मुख्य अतिथि होते थे, लेकिन इस बार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर होंगे। रेडक्रास सोसायटी ने बार-बार रक्तदान करने वाले 6 लोगों के नाम कलेक्टर को भेजे हैं। इनमें एक अमित शर्मा हैं, जो 116 बार रक्तदान कर चुके हैं। ऐसे ही देवेंद्र राजौरिया ने अपने माता-पिता की देहदान कर चिकित्सा छात्रों की पढ़ाई में मदद की। अभी 80 नाम, और बढ़ सकती है संख्या कलेक्टर ने समाज को प्रेरित करने वाले लोगों के नाम 16 जनवरी तक मांगे थे। फिलहाल इनकी संख्या 80 तक पहुंची है। पुलिस अफसरों ने भी सम्मान के लिए नाम कलेक्टर तक भेजे हैं जिन्होंने अच्छा काम किया है। इनमें 3 साइबर एक्सपर्ट हैं। इन्होंने लाखों रुपए की ठगी के 10साल से फरार आरोपी पकड़े और लोगों को जागरुक करने का भी काम किया।


