भास्कर न्यूज | जालंधर प्राचीन शिव मंदिर, दोमोरिया पुल में भक्तों की ओर से वीरवार को मां बगलामुखी हवन करवाया। मुख्य पुरोहित पं. चक्र प्रशाद जोशी ने सभी देवी-देवताओं का आह्वान करने के बाद नवग्रह पूजन करवाया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चारण से मां बगलामुखी जी का महायज्ञ किया गया। मां बगलामुखी जी के सिद्ध महामंत्र का उच्चारण कर महायज्ञ में आहूतियां डालीं गईं। उन्होंने बताया कि महायज्ञ के दौरान चौथे गुप्त नवरात्रि के साथ-साथ विनायक चतुर्थी का भी संयोग बना। इस मौके पर मां के भुवनेश्वरी स्वरूप का पूजन किया गया। उल्लेखनीय है कि गुप्त नवरात्रों में मां दुर्गा की उपासना, बटुक भैरव पूजन और शिव पूजा का विशेष महत्व है। मां बगलामुखी जी की मंगलारती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। यहां प्रधान यादव खोसला, शिवम पुरी, रमेश सहदेव, गुरचरण बजाज, सुनील सहदेव, मानव बजाज, वैभव शर्मा, शाम सहगल, गोविंद खोसला, मनीष रेहान आदि मौजूद रहे। तिथि संवत् : माघ, शुक्ल पक्ष पंचमी, शुक्रवार रात्रि 01:46 तक रहेगी, विक्रम संवत् 2082, शाके 1947, हिजरी 1447, मुस्लिम माह सावान, तारीख 3, सूर्य उत्तरायण, शिशिर ऋतु, 23 जनवरी। सूर्योदय कालीन नक्षत्र : पूर्वाभाद्रपद नक्षत्र दोपहर 02:33 तक, इसके बाद उत्तराभाद्रपद नक्षत्र रहेगा। परिघ योग दोपहर बाद 03:59 तक, इसके बाद शिव योग रहेगा। बव करण दोपहर 02:07 तक, इसके बाद बालव करण रहेगा। ग्रह विचार (प्रात: 05:30) : सूर्य-मकर, चंद्र-कुंभ, मंगल-मकर, बुध-मकर, गुरु-मिथुन, शुक्र-मकर, शनि-मीन, राहु-कुंभ, केतु-सिंह राशि में स्थित है। राहुकाल : प्रात: 10:30 से 12:00 तक रहेगा। दिशाशूल : पश्चिम दिशा – यदि जरूरी हो तो इलायची खाकर यात्रा कर सकते हैं। शुभाशुभ ज्ञानम् : बुध श्रवण में प्रातः 10:24, बसन्त पंचमी स्वयं सिद्ध अबूझ मुहूर्त, सरस्वती पूजन, श्री पंचमी पाटोत्सव राधा गोविन्द जी जयपुर, तक्षक पूजा, रतिकाम महोत्सव, बागीश्वरी जयंती व यात्रा दर्शन पूजा काशी, पंचक, नेताजी सुभाषचन्द्र जयंती, पराक्रम दिवस। चौघड़िया मुहूर्त : प्रात: 07:20 से 08:40 तक चर का, प्रात: 08:40 से 11:18 तक लाभ व अमृत का, दोपहर 12:36 से 01:55 तक शुभ का, सायं 04:33 से 05:57 तक चर का चौघड़िया रहेगा। आज विशेष : आज बसंत पंचमी को सरस्वती पूजन के साथ रति एवं कामदेव का पूजन करने से ज्ञान, सुख, सौभाग्य एवं दाम्पत्य सुख मिलता है। आज परिघ योग में जूते का दान करना शुभ फलदायी होता है। आज शुक्रवार को सफेद वस्तुओं का दान करें, गरीब बच्चों को आइसक्रीम अथवा खीर खिलाएं। चिड़ियों को चावल का चुग्गा डालें तो शुक्रग्रह जनित पीड़ा दूर होती है।


