भीलवाड़ा| सुखाडिया स्टेडियम पर खेली जा रही राज्य स्तरीय मेवाड़ ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता के पांचवें दिन गुरुवार को दो मैच खेले गए। पहला मैच महिला वर्ग का और दूसरा मैच पुरुष वर्ग का था। पहला मैच अजमेर और दूसरा मैच जोधपुर की टीम ने जीता। गुरुवार सुबह पूर्व खेल मंत्री अशोक चांदना और जिला खेल अधिकारी हेमेंद्रसिंह राणावत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर आरंभ कराया। प्रतियोगिता के छठे दिन शुक्रवार को भी दो मैच होंगे। सुबह महिला वर्ग का पहला मैच झुंझुनूं व अजमेर के बीच खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अजमेर की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 127 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी झुंझुनूं की टीम निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 92 रन ही बना सकी। यह मैच अजमेर की टीम ने 35 रन से जीता। झुंझुनूं की तरफ से सर्वाधिक 21 रन नगमा ने और वैदिक पाली ने 14 रन बनाए। प्लेयर ऑफ द मैच विद्या चुनी गई। दूसरा मैच दोपहर में पुरुष वर्ग का झुंझुनूं व जोधपुर के बीच खेला गया। झुंझुनूं 20 ओवर में 19.2 ओवर में 133 रन बनाकर पूरी टीम ऑल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जोधपुर की टीम ने 14.4 ओवर में पांच विकेट खोकर 137 रन बना यह मैच 5 विकेट से जीत लिया। प्लेयर ऑफ द मैच शिव चौधरी रहे। आयोजन सचिव महावीरप्रसाद के अनुसार शुक्रवार को पहला मैच सुबह 9 बजे महिला वर्ग अजमेर व उदयपुर के मध्य तथा दूसरा मैच दोपहर एक बजे पुरुष वर्ग में जिला क्रिकेट भीलवाड़ा एवं जोधपुर के बीच खेला जाएगा।


