उदयपुर में कार के शीशे तोड़कर चोरी करने का प्रयास करने के मामले में गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद पुलिस द्वारा पीछा करने पर आरोपी रूंडेला तालाब में कूद गए थे। जहां से वे फरार हो गए थे। थानाधिकारी अर्जुनलाल ने बताया कि आरोपी ईश्वरसिंह पिता रतन सिंह, महेन्द्र सिंह पिता नथूसिंह और संदीप कुमार पिता भेरूसिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 20 जनवरी की शाम को तीनों ने मोंटू गैराज वाले के साथ शराब पी थी। जिसके बाद आरोपियों ने जोगी तालाब रोड पर अंधेरे में खड़ी कारों को चुराने का प्रयास किया। कार में तोड़फोड़ कर भाग गए थे उन्होंने बताया कि कार का लॉक खोलने की कोशिश की तो गाड़ी के सेंसर की आवाज आने से आसपास लोग जाग गए। इतने में आरोपी तुरंत भागने लगे। तभी सामने किसी ने रोड पर लाइट चालू कर दी। इतने में घबराए आरोपियों ने उस मकान व बाहर खड़ी कार पर पत्थर व बोतलें फेंक दी और भाग गए। तालाब में तैरकर बाहर निकल गए इसके बाद आरोपी वापस गाडी को देखने आए तो वहां पुलिस की गाडी को देखकर तीनों भाग गए। गीतांजलि हॉस्पिटल के पहले रोड पर गाडी छोड़कर तालाब में कूद गए और पानी में तैरते हुए प्रतापनगर स्थित मोंटू की दुकान पर पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों की पहचान की। जिसके बाद इन्हें गिरफ्तार किया गया।


