टोंक में शुक्रवार को मौसम बदला और हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। सुबह 9 बजे तक जिले में कई जगह रुक-रुक कर बारिश का दौर चला। इस दौरान सड़कों पर पानी बहने लगा। हालांकि दस मिनट तक हुई बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया। वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 24 घंटे में ही तीन डिग्री सेल्सियस गिरकर आठ डिग्री रह गया। इसी तरह अधिकतम तापमान भी आज बीते 24 घंटे से दो डिग्री सेल्सियस गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार बने हुए है। इधर, बारिश के बाद जिन लोगों के घरों में शादियां थी, उनकी भी चिंता बढ़ गई। हालांकि कुछ देर बाद बारिश थम गई थी। ज्ञात रहे कि इस साल मौसम में काफी उतार चढ़ाव आ रहा हैं । इस साल कड़ाके की सर्दी का असर भी काफी कम दिनों तक रहा है। नए साल की शुरुआत के दस दिन ही कड़ाके की सर्दी पड़ी है। जबकि अन्य सालों दिसंबर से लेकर जनवरी तक घना कोहरा और कड़ाके की सर्दी का अधिकांश असर रहता था। बीच में तीन चार बार मावठ भी जाती थी। लेकिन इस बार ना तो ज्यादा दिनों तक से सर्दी पड़ी और ना ही घना कोहरा ज्यादा दिन तक छाया।


