मेगा पीटीएम में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन:नेताजी जयंती और बसंत पंचमी मनाई, गहलोत ने 178 छात्राओं को साइकिलें वितरित की

पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, छावनी रोड में मेगा पीटीएम और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत बसंत पंचमी के अवसर पर मां सरस्वती के पूजन और वंदना से हुई। इसके साथ ही, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत मुख्य अतिथि और विधायक शंकर सिंह रावत अध्यक्ष के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जिला कलेक्टर कमल राम मीना, जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार शर्मा, पूर्व सभापति नरेश कनोजिया, पूर्व पार्षद सुनीता भाटी और प्राचार्य विमला चौहान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा शिक्षाविद् उपस्थित थे। समारोह में कक्षा 9वीं की 178 पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। कैबिनेट मंत्री गहलोत ने छात्राओं से बातचीत करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ आत्मविश्वास और संस्कारों को अपनाने का संदेश दिया। अपने संबोधन में मंत्री गहलोत ने मेगा पीटीएम को एक ऐतिहासिक पहल बताया, जिसने अभिभावक-शिक्षक संवाद को नई दिशा दी है। उन्होंने वसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के लिए मां सरस्वती से बुद्धि और प्रगति की कामना की। गहलोत ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के त्याग और राष्ट्रभक्ति को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री के संबोधन को प्रासंगिक बताते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक संवाद से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने राजस्थान को ऊर्जा क्षेत्र में स्वर्ण पदक मिलने का उल्लेख किया और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए संचालित साइकिल, स्कूटी वितरण और प्रतिभा सम्मान जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार बेटियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों को ‘बेर-लड्डू’ का प्रसाद एवं विशेष ‘कृष्ण भोग’ वितरित किया गया। इसी क्रम में जिले के समस्त कार्यालयों, राजकीय एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों एवं अनाथालयों में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। साथ ही विद्यार्थियों की MyGov.in पर उपलब्ध ‘Quiz on Vande Mataram’ में सहभागिता सुनिश्चित की गई, जिसका उद्देश्य राष्ट्रगीत के ऐतिहासिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाना तथा विद्यार्थियों एवं आमजन में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *