चोरी के 18 वाहन बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार:झालावाड़ में अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश, 11 लाख के वाहन जब्त

जिले में बढ़ती नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना खानपुर पुलिस की स्पेशल टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी करने वाली दो अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने लगभग 11 लाख रुपए मूल्य की 18 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर 3 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी रविन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित स्पेशल टीम ने कस्बा खानपुर, शहर झालावाड़, झालरापाटन और आसपास के क्षेत्रों में हुई वाहन चोरी की वारदातों का गहनता से विश्लेषण किया। टीम ने चोरी की घटनाओं वाले स्थानों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए सादा वस्त्रों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया। पुलिस ने एक्शन प्लान के तहत संभावित भागने वाले रास्तों पर कड़ी नाकाबंदी की और वाहनों के कागजातों की जांच की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की मोटरसाइकिलों के संबंध में स्वीकारोक्ति की। आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी की गई 18 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अधिकतर हीरो कंपनी की बाइकों को निशाना बनाते थे, क्योंकि उनकी बाजार में अच्छी मांग रहती है। आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़े वाहनों की रैकी करते थे। जैसे ही वाहन मालिक वहां से जाता, एक आरोपी उसकी निगरानी करता, जबकि अन्य दो आरोपी मास्टर चाबी से लॉक खोलकर वाहन को चुरा लेते थे। चोरी के बाद आरोपी वाहन को सुनसान जगहों पर झाड़ियों में छिपा देते थे। वाहन की पहचान मिटाने के लिए वे नंबर प्लेट बदल देते, कभी-कभी दूसरे वाहन की नंबर प्लेट लगा देते, कुछ वाहनों का रंग बदल देते और इंजन तथा चेसिस नंबर मिटा देते थे। इसके बाद चोरी के वाहनों को औने-पौने दामों में बेचकर अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजस्थान और मध्यप्रदेश में वाहन चोरी, नकबजनी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते रहे हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *