झारखंड के देवघर में ट्रेन और ट्रक की टक्कर, VIDEO:ट्रक का पिछला हिस्सा टूटा, बाइक-स्कूटी भी दबी; रेलवे क्रॉसिंग बंद न होने से हादसा

झारखंड के देवघर में गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रेन रेलवे क्रॉसिंग पर खड़े ट्रक से टकरा गई। इस घटना के बाद ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। साथ ही एक बाइक और स्कूटी ट्रक के नीच दब गई। दोनों के परखच्चे उड़ गए। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रेन के आने की सूचना पर रोहिणी नावाडीह रेलवे फाटक को बंद किया जा रहा था। इसी दौरान धान से लदा ट्रक रेलवे क्रॉसिंग पर फंस गया। इसी बीच जसीडीह से आसनसोल जा रही गोंडा-आसनसोल पैसेंजर ट्रेन आ गई। ट्रेन आता देख ट्रक के ड्राइवर और बाइक-स्कूटी सवार लोग भाग गए। ट्रेन-ट्रक के बीच टक्कर की 5 तस्वीरें देखिए… लोग बोले- ट्रक के चलते फाटक पूरी तरह बंद नहीं हो पाया आसपास के लोगों ने बताया, ‘घटना के समय रेलवे फाटक पूरी तरह बंद नहीं था। इसी दौरान धान से लदा ट्रक फाटक पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार पैसेंजर ट्रेन फाटक पर आ गई और ट्रक से टकरा गई। ट्रक कुछ दूरी तक घसीटता चला गया। मौके पर मौजूद मोटरसाइकिल सवार अपनी बाइक छोड़कर भाग निकले, वहीं ट्रक चालक भी सुरक्षित उतरने में सफल रहा।’ घटना के समय क्रॉसिंग पर खड़े लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया। ट्रक ड्राइवर की लापरवाही सामने आई है। हादसे के बाद लगा लंबा जाम हादसे के कारण देवघर-गिरिडीह मुख्य सड़क पूरी तरह बाधित हो गई। क्षतिग्रस्त ट्रक और अन्य वाहनों के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। देवघर-गिरिडीह मुख्य सड़क करीब तीन घंटे तक जाम रही। इसके बाद गाड़ियां चलने लगीं। वहीं, ट्रेन और ट्रक के ट्रैक पर होने की वजह से डाउन लाइन पर तीन घंटे तक आवाजाही ठप रही, जबकि अप लाइन चालू रहा। ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच भी कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा। हालांकि रेलवे कर्मचारियों ने उन्हें आश्वस्त किया। सूचना मिलते ही RPF, स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *