बारां शहर की तलवाड़ा रोड कॉलोनी में शुक्रवार को पूर्व पार्षद और प्रॉपर्टी व्यवसायी उमेश नागर पर जानलेवा हमला हुआ। 5 से 7 नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेरकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर दो बाइकों पर सवार होकर आए थे। उन्होंने उमेश नागर पर लाठी-डंडों, सरिए और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए। हमले के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल उमेश नागर को अस्पताल पहुंचाया। उनका इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश देने की कार्रवाई भी जारी है। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल सहित कई लोग अस्पताल पहुंचे और घायल का हालचाल जाना। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


