भास्कर न्यूज | जशपुरनगर सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जशपुर नगर में शुक्रवार को बसंत पंचमी का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। माघ मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय परिसर आध्यात्मिक और उत्साहपूर्ण वातावरण से ओतप्रोत रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और वंदना से हुई। इस अवसर पर वक्ताओं ने बसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व केवल धार्मिक आस्था से नहीं, बल्कि ज्ञान, प्रकृति और नई शुरुआत से जुड़ा है। पीले रंग को ऊर्जा, समृद्धि और बुद्धि का प्रतीक बताते हुए पर्व की महत्ता समझाई गई। भारतीय परंपरा के 16 संस्कारों में शामिल विद्यारंभ संस्कार कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। पुजारी आशीष सतपति के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न कराया गया। इस दौरान 30 नन्हे बच्चों का विद्यारंभ संस्कार कराया गया, जिसे उनके शैक्षणिक जीवन की औपचारिक शुरुआत माना जाता है। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति रही। व्यवस्थापक राम निवास अग्रवाल, अध्यक्ष जनार्दन सिन्हा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कल्पना टोप्पो, प्राचार्य संजय कुमार यादव और प्रधानाचार्य रामानंद राम कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अलावा विद्यालय के आचार्य, दीदी, कर्मचारी, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र‑छात्राएं मौजूद रहे। प्रार्थना सभा में बच्चों ने भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां सरस्वती की स्तुति की। अंत में सभी को प्रसाद वितरित किया गया।


