भास्कर न्यूज | जांजगीर भाजपा छत्तीसगढ़ किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजीनियर रवि पाण्डेय ने धान खरीदी केंद्र पेण्ड्री का दौरा कर वहां उपस्थित किसानों से चर्चा की। इस दौरान खरीदी केंद्र प्रभारी ने बताया कि करीब 70 किसानों के आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके लिए टोकन जारी किए जाने हैं। इंजीनियर पाण्डेय ने किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार अपने वादों के अनुसार एक-एक किसान का धान खरीदेगी। उन्होंने कहा कि शेष आवेदनों का सहकारिता सत्यापन पूरा होने के बाद ऑनलाइन प्रविष्टि कर टोकन जारी किए जाएंगे। उन्होंने उन किसानों का आभार भी जताया, जिन्होंने अपने रकबे को समर्पित कर धान बिक्री में सहयोग किया है। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि रकबा समर्पण अभियान का उद्देश्य धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना और बिचौलियों पर रोक लगाना है, ताकि इसका लाभ सीधे जरूरतमंद किसानों तक पहुंचे। उन्होंने किसानों की जागरूकता की सराहना करते हुए स्पष्ट किया कि रकबा समर्पण केवल वर्तमान खरीदी सत्र के लिए है और इसका प्रभाव आगामी वर्ष के रिकॉर्ड पर नहीं पड़ेगा। इंजीनियर पाण्डेय ने यह भी कहा कि 31 जनवरी तक प्रदेश के सभी किसानों का धान शासन द्वारा खरीदा जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक किसान तथा खरीदी केंद्र के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


