बैकुंठपुर | जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के अंतर्गत संकुल सारा में संकुल स्तरीय वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संकुल के 10 प्राथमिक व 3 पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का सुंदर समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम में जिपं सदस्य सौभाग्यवती, जपं सदस्य पुनीता सिंह श्याम उपस्थित रहीं।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां भगवती और छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष वंदन, दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण के साथ किया। जय जगदम्बा कर्मा दल सारा द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। इसके बाद शिक्षकों और बच्चों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण कर स्वागत किया। संकुल के सभी विद्यालयों द्वारा प्रस्तुत शिक्षाप्रद, हास्यप्रधान, देशभक्ति से ओतप्रोत और नैतिक मूल्यों पर आधारित नृत्य, संगीत व नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता व पेड़ों के महत्व को नाटकों के माध्यम से प्रभावी रूप में प्रस्तुत किया।


