जबलपुर की पाटन थाना पुलिस ने नल-जल योजना के तहत बिछाए जाने वाले पाइपों की चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किए गए पाइप और वारदात में इस्तेमाल किए गए 3 ट्रक जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी संजय भाई कोली (27), रविराज मकवाना (20) और रामजी भीमानी (20) गुजरात के कच्छ जिले के रहने वाले हैं। कैसे सामने आई चोरी
एफकन्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड कंपनी एमपी जल निगम मर्यादित के लिए जबलपुर मल्टी विलेज जल आपूर्ति योजना पर काम कर रही है। इसके तहत शहपुरा, सिहोरा, पाटन, पनागर और मझौली तहसील में पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। पाटन तहसील के ग्राम रोसरा से नुनसर के बीच डली ढाबा के सामने स्थित स्टोर यार्ड में कंपनी के पाइप रखे थे। 19 और 20 जनवरी 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर यहां से 83 पाइप चोरी कर ले गए। चोरी गए पाइपों की कीमत करीब 14.88 लाख रुपए बताई गई। कंपनी के प्रबंधक अनूप बाबू मिश्रा ने थाना पाटन में शिकायत कर्ज कराई थी। भोपाल हाईवे पर पकड़े गए ट्रक
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और टोल नाकों की जानकारी खंगाली। जांच में पता चला कि चोरी के पाइप ट्रकों में लोड कर जबलपुर-भोपाल हाईवे से भोपाल की ओर ले जाए जा रहे हैं। इसके बाद टीम ने औबेदुल्लागंज के पास दबिश देकर तीन ट्रकों को पकड़ लिया। ट्रकों से 65 चोरी के पाइप बरामद किए गए। आगे की कार्रवाई
पुलिस ने ट्रक क्रमांक जीजे 07 टीयू 0671, जीजे 39 टी 5802 और जीजे 12 बीजेड 4534 जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों और दो अन्य ट्रकों की तलाश जारी है।


