पुलिस थाना कानोता जयपुर ईस्ट ने एक साल पुराने हनीट्रैप और लूट के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया के जरिए लोगों को प्रेम जाल में फंसाकर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। 14 अप्रैल को पीड़ित राजेश कुमार गौड ने थाना कानोता में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि एक युवती ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर उसका मोबाइल नंबर लिया और लगातार बातचीत के बाद उसे 8 अप्रैल को जयपुर मिलने बुलाया। सुनसान मकान में ले जाकर उसे बंधक बनाया गया, मारपीट की गई और एक लाख रुपए नकद व एक लैपटॉप लूट लिया गया। इस संबंध में थाना कानोता में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। हनीट्रैप गैंग का तरीका थाना प्रभारी कानोता मुनींद्र सिंह ने बताया- आरोपी महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर सरकारी कर्मचारी या संपन्न व्यक्तियों को निशाना बनाते थे। दोस्ती बढ़ाकर प्रेम जाल में फंसाते, फिर मिलने बुलाकर पहले से तय सुनसान मकान में बंधक बनाकर मारपीट व लूटपाट की जाती थी। गैंग पूर्व में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुकी है। ऐसे हुआ खुलासा पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच, संदिग्ध मोबाइल नंबरों की सीडीआर का विश्लेषण और बैंक खातों की स्टेटमेंट के आधार पर गहन अनुसंधान किया गया। अथक प्रयासों के बाद आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने ओमप्रकाश योगी उर्फ विक्की (25) पुत्र बृजलाल, निवासी ग्राम नादौती, जिला करौली, हाल किरायेदार पंचवटी कॉलोनी, सांगानेर, सहित महिला को गिरफ्तार कर दोनों आरोपियों को 7 दिन के जेसी/पीसी रिमांड पर लिया है। 15 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार हनीट्रैप नेटवर्क पर कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस थाना कानोता जयपुर पूर्व ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ भी बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 15 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। डीसीपी ईस्ट संजीव नैन ने बताया- 24 जनवरी को पुलिस टीम ने साभरियां मोड़, बाबूलाल सैन की दुकान के पीछे खाली मैदान में दबिश देकर अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी कर रहे आरोपी सुरज प्रजापत (33) पुत्र गोपाल प्रजापत , निवासी खाती कुम्हार मोहल्ला ग्राम नायला को गिरफ्तार किया। आरोपी से 15 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। गांजा की सप्लाई के स्रोत और अन्य तस्करों के संबंध में पूछताछ जारी है।


