बिहार-झारखंड सीमा पर जाम में राहत:चौपारण में छोटी गाड़ियों की आवाजाही शुरू, वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील

प्रयागराज महाकुंभ के कारण बिहार-झारखंड सीमा पर चल रहे 72 घंटे के जाम में आंशिक राहत मिली है। दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग (जीटी रोड) पर स्थित चौपारण के चोरदाहा चेक पोस्ट पर छोटी गाड़ियों की आवाजाही शुरू हो गई है, लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही पर अभी भी प्रतिबंध जारी है। उत्तर प्रदेश द्वारा सभी राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए सीमाएं सील करने के बाद बिहार ने भी जीटी रोड से जुड़े राज्यों की सीमाओं को बंद कर दिया था। हालांकि, बाद में छोटी गाड़ियों के लिए प्रतिबंध हटा लिया गया। छोटी गाड़ियां वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर रही हैं, जबकि बड़े वाहन अभी भी जीटी रोड पर फंसे हुए हैं। चौपारण थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने लोगों से जीटी रोड पर आने से बचने की अपील की है। उत्तर प्रदेश द्वारा सीमाएं खोलने के बाद ही बिहार बड़े वाहनों के लिए प्रतिबंध हटाएगा। स्थानीय पुलिस और चोरदाहा चेक पोस्ट के अधिकारी यातायात को सुचारू करने में जुटे हुए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। बरही-चौपारण के बीच 35 किमी लगा था लंबा महाजाम
महाकुंभ से लौट रहे लोग यूपी की जाम से निकले तो बरही-चौपारण के बीच महाजाम में फंस गए। यहां शुक्रवार तक गाड़ियों की 35 किमी से ज्यादा लंबी कतार लग गई थी। दरअसल, यहां चार दिन से जाम की स्थिति थी। पर, शुक्रवार को दो सड़क हादसे हो गए, जिसमें दो लोगों की जान चली गई। इसके बाद लोगों ने दो जगह जाम किया। ​इससे स्थिति विकट हो गई। करीब 20 घंटे से यात्री बेहाल थे। उधर, बिहार ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए चौपारण में अपनी सीमा बंद कर दी थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *