मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन पहुंच गए हैं। हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। डॉ. यादव रविवार, 25 जनवरी 2026 को उज्जैन प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री अपने दौरे की शुरुआत कोठी रोड पर आयोजित राहगीरी आनंद उत्सव से करेंगे। नगर निगम द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम प्रातः 6 बजे से तरण ताल चौराहा से कोठी रोड तक चलेगा। यह उत्सव स्वास्थ्य, योग और संस्कृति का संगम होगा। स्वास्थ्य विभाग जागरूकता स्टॉल लगाएगा, जहां विशेषज्ञ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देंगे। आयुर्वेद और योग विशेषज्ञ योगाभ्यास कराएंगे, साथ ही जुम्बा, फिटनेस गतिविधियां और मनोरंजक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सिंहस्थ के विकास कार्यों की जानकारी प्रदर्शित होगी
राहगीरी उत्सव में उज्जैन की आईटी कंपनी ‘उज्जैन लाइव’ द्वारा एलईडी स्क्रीन के माध्यम से शहर के सिंहस्थ विकास कार्यों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। इस आयोजन में संस्कार भारती, गांगुलिया संगीत महाविद्यालय, पद्मिता नृत्य अकादमी, पल्लवी नृत्य अकादमी, आष्टे बैंड, गीत अकादमी, निनाद, पुलिस बैंड, सिंगर क्लब, विनायक संगीत क्लास, फाल्गुनी आर्ट, मिलिंद योग क्लास, रेडियो दस्तक, अंकिता डांस ग्रुप, प्रेस क्लब, उज्जैन चौपाल, धन्वंतरी कॉलेज, कृषि विभाग, एमआईटी कॉलेज, प्रशांति कॉलेज, स्टैनफोर्ड स्कूल, वर्जिन मेरी स्कूल, अक्षत स्कूल, माधव क्लब, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस सहित कई सामाजिक संगठन और समाजजन सहभागिता करेंगे। सिंधी, बंगाली, ब्राह्मण और महाराष्ट्र समाज जैसे विभिन्न सामाजिक संगठन भी अपने-अपने मंच लगाएंगे। नगर निगम ने पूरे मार्ग पर मंच व्यवस्था, साउंड सिस्टम, प्रकाश व्यवस्था, आकर्षक साज-सज्जा, झंडे, रंगोली, दीवारों पर चित्रकारी और स्वच्छता संदेश तैयार किए हैं। इस वर्ष राहगीरी उत्सव की थीम “उन्नत किसान” रखी गई है।


