मासूम की हत्या से आक्रोशितों ने किया थाना का घेराव:चचेरे भाई पर हत्या का आरोप, सैकड़ों ग्रामीणों ने की दोषी को फांसी की मांग

झारखंड के गिरिडीह में 4 वर्षीय मासूम शायरा परवीन की हत्या के विरोध में शनिवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने थाना का घेराव कर दिया। गावां थाना क्षेत्र के पूर्वी पिहरा के घाघरा गांव में गुरुवार को बच्ची का शव मिला था। मामले में ग्रामीणों ने मृतक बच्ची के चचेरे भाई रिजवान पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के दिन से ही लोगों को उस पर शक था। पुलिस ने पहले उसे पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन बाद में छोड़ दिया। इधर, नाराज ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस ने आरोपी को फिर से गिरफ्तार कर लिया है। सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष थाना पहुंचे और न्याय की मांग करने लगे। स्थिति को देखते हुए थाना के मुख्य गेट को बंद कर दिया गया। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो। पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटी है। मृतक बच्ची के पिता मोहम्मद अख्तर ने बताया कि उनकी बेटी बुधवार को खेलने के दौरान घर से लापता हो गई थी। परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में उसका शव मिला। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *