भास्कर न्यूज | चतरा चतरा पुलिस ने हथियार और कारतूस के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में हंटरगंज थाना क्षेत्र के उरैली गांव निवासी रविंद्र पासवान के पुत्र सोनू पासवान, खुटीकेवाल गांव निवासी ओमप्रकाश गुप्ता का पुत्र बादल कुमार गुप्ता व गया जिले के बोधगया लिचारी गांव निवासी बिठल प्रजापत का पुत्र मिथुन कुमार का नाम शामिल है। अपराधियों के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, चोरी का एक अपाचे बाइक व दो मोबाइल बरामद किया गया है। यह जानकारी एसडीपीओ संदीप सुमन ने शनिवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। एसडीपीओ ने बताया कि एसपी सुमित कुमार अग्रवाल को सूचना प्राप्त हुई थी कि हंटरगंज में एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध व्यक्ति हथियार के साथ खूंटी केवाल गांव के पास घूम रहे हैं। अपराधी हंटरगंज में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने वाले हैं। उक्त सूचना पर हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम में पुलिस अवर निरीक्षक पुरुषोत्तम अग्निहोत्री व भोला शाह शामिल थे। गठित टीम ने खूंटी केवाल खुर्द गांव के पास से मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को रोका गया। जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से एक कट्टा व दो कारतूस बरामद किया गया।


