मतगणना प्रक्रिया में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी : डीसी

भास्कर न्यूज | हजारीबाग नगर निकाय चुनाव 2026 को निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने शनिवार को बाजार समिति स्थित मतगणना केंद्र और स्ट्रांग रूम का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतगणना से जुड़ी हर छोटी-बड़ी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उपायुक्त ने परिसर में मत पेटिकाओं की स्थिति, प्रवेश-निकास व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा घेरा, मत पेटिका खोलने-बंद करने की प्रक्रिया और कर्मियों के प्रशिक्षण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतगणना प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव से ही संभव है, इसलिए सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती, सुचारु यातायात, स्वच्छता, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समय पर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त रिया सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *