मूसालूर हत्याकांड: पत्नी-सौतेले बेटे सहित तीन गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | बीजापुर जिले के नैमेड़ थाना क्षेत्र के ग्राम मूसालूर के जंगल में बीते 28 नवंबर 2025 को मिले अज्ञात पुरुष के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए मृतक की दूसरी पत्नी, सौतेले बेटे सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि 28 नवंबर 2025 को थाना नैमेड़ क्षेत्र के मूसालूर के जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने की सूचना पर थाना नैमेड़ में मर्ग कायम कर पंचनामा एवं जांच प्रारंभ की गई। मर्ग जांच के दौरान मृतक की पहचान बदरू उरसा, निवासी नैमेड़ के रूप में हुई। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृतक की मृत्यु ठोस वस्तु से सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोट लगने से होने की पुष्टि की गई। जांच के दौरान मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल्स एवं घटनास्थल के टावर डंप रिकॉर्ड का विश्लेषण किया गया, जिसमें घटना दिवस पर मृतक की दूसरी पत्नी माहरी मज्जी, सौतेला बेटा शंकर मज्जी एवं संदेही रमेश मज्जी की मोबाइल लोकेशन घटनास्थल के आसपास सक्रिय पाई गई। पुलिस टीम द्वारा तेलंगाना राज्य के जमीकुंटा एवं चेरूकुरू से संदिग्धों रमेश मज्जी एवं शंकर मज्जी को हिरासत में लिया गया। थाना लाकर कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने हत्या की वारदात स्वीकार की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक बदरू उरसा द्वारा रिश्ते में चाची व मां लगने वाली माहरी मज्जी को 6-7 वर्षों तक पत्नी बनाकर रखने के बाद दूसरी महिला लाने के नाम पर घर से निकाल दिया गया था। इसी बात से क्षुब्ध होकर माहरी मज्जी, शंकर मज्जी एवं रमेश मज्जी ने हत्या की साजिश रची। योजना के तहत मूसालूर जंगल में रमेश मज्जी एवं शंकर मज्जी ने लकड़ी के डंडे से मृतक के सिर एवं चेहरे पर प्राणघातक वार कर हत्या कर दी और शव को जंगल की झाड़ियों में फेंक दिया। मेमोरण्डम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त आलाजबर बरामद किया गया है। प्रकरण में संलिप्त तीनों आरोपियों को दिनांक 23 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, बीजापुर में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *