बहीगांव| केंद्र में बैठी भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा कानून में किए जा रहे बदलावों को लेकर कांग्रेस आक्रामक रुख अपनाए हुए है। हाल ही में केशकाल बस स्टैंड में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की उपस्थिति में प्रेसवार्ता व एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के बाद अब कांग्रेस ने गांव-गांव तक पहुंचकर जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के माध्यम से किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों को मनरेगा में प्रस्तावित बदलावों से होने वाले नुकसान की जानकारी दी जा रही है। केशकाल ब्लॉक के सभी गांवों में मंडल स्तरीय कार्यक्रम के तहत जनसंपर्क की योजना बनाई गई है। इसकी शुरुआत बहीगांव मंडल से की गई। इसके बाद कांग्रेसी पदयात्रा करते हुए सिंघनपुर मंडल पहुंचे, जहां राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साप्ताहिक बाजारों में घूम-घूमकर पाम्पलेट बांटे और लोगों से सीधा संवाद किया। इस दौरान मनरेगा बचाओ संग्राम रथ के माध्यम से भी प्रचार किया गया। रथ के बोनट पर खड़े होकर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश नेताम ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार मजदूरों के हित में यूपीए सरकार द्वारा बनाए गए मनरेगा कानून को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, जिससे ग्रामीण मजदूरों की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा।


