सतना में 27 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण:सामुदायिक भवन, प्रशिक्षण केंद्र बनेंगे, डिप्टी सीएम बोले- सतना और रीवा जुड़वां भाई

सतना में नगर गौरव दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि सतना और रीवा जुड़वां भाई की तरह हैं। आने वाले समय में दोनों जिले मिलकर देश में विकास की नई मिसाल पेश करेंगे। शनिवार को बीटीआई ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में महापौर योगेश ताम्रकार ने अपने संबोधन में कहा कि सतना को अक्सर विकास के मामले में रीवा से पीछे माना जाता है। उन्होंने संकल्प लिया कि वे सतना से पिछड़ेपन का यह टैग हटाकर रहेंगे। महापौर के संबोधन के बाद उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि सतना तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सतना, रीवा और पूरा विंध्य क्षेत्र हर क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। सतना में विकास कार्य तेजी से जारी
डिप्टी सीएम ने बताया कि विंध्य क्षेत्र में कई बड़ी विकास परियोजनाएं चल रही हैं। इनमें बाणसागर और बरगी का सिंचाई जल, मुकुंदपुर जू, मेडिकल कॉलेज अस्पताल, सतना और रीवा के हवाई अड्डे शामिल हैं। इसके अलावा सतना से चित्रकूट और मैहर तक हजारों करोड़ रुपये की फोरलेन सड़कें बन रही हैं। स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट भी पूरे किए जा रहे हैं। ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन का काम भी तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि बरगी का पानी सतना पहुंचने के बाद जिले के विकास को और गति मिलेगी। सभी परियोजनाएं पूरी होने पर अगले दो वर्षों में सतना एक विकसित जिले के रूप में नजर आएगा। उन्होंने नागरिकों से अपनी उपलब्धियों पर गर्व करने और गौरव दिवस को उत्सव की तरह मनाने का आह्वान किया। 27 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण नगर गौरव दिवस के चौथे आयोजन के अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से बने तीन विकास कार्यों का लोकार्पण किया। शनिवार को सतना प्रवास के दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट के पीछे धवारी क्षेत्र में बने व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र भवन का लोकार्पण किया। लगभग 8 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत से बने इस आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र में 250 युवाओं को आवासीय प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। यह केंद्र युवाओं के कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देगा। इसके अलावा उन्होंने भुंजवा मोहल्ले में 9 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से बने सामुदायिक भवन (कम्युनिटी हॉल) और 8 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से नारायण तालाब के पुनर्निर्माण व सौंदर्यीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *