डीग में एक युवक पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की नई सड़क पर 23 जनवरी को शाम करीब 7 बजे हुई। बाइक से बाजार जा रहे युवक को पहले एक कार ने टक्कर मारी, जिसके बाद कार ड्राइवर ने उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद भरतपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार पीड़ित विवेक पाराशर अपनी बाइक से पाण्डेय मोहल्ला डीग से बाजार जा रहे थे। नई सड़क स्थित कुम्हारों के मोहल्ले के पास गलत साइड से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार ड्राइवर देवेंद्र सिंह उर्फ कुक्कन, निवासी बेताल मोहल्ला नई सड़क डीग, कार से उतरकर गाली-गलौज करने लगा। लोहे की रॉड से फोड़ा सिर
विवेक पाराशर द्वारा विरोध करने पर आरोपी देवेंद्र सिंह ने उन पर जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपी ने विवेक के सिर पर वार किया, जिससे उनका सिर फट गया। दोबारा वार से बचने के प्रयास में उनके हाथ में भी गंभीर चोट आई। इसके बाद आरोपी ने शरीर के अन्य हिस्सों पर भी प्रहार किए। आदतन अपराधी है आरोपी
घटना के दौरान विवेक के चाचा अवधेश पाराशर और अभिषेक दीक्षित मौके पर पहुंचे और बड़ी मुश्किल से विवेक को बचाया। इस दौरान अवधेश पाराशर को भी चोटें आईं। आसपास काफी लोग जमा हो गए थे, लेकिन आरोपी के भय के कारण कोई बीच-बचाव नहीं कर सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी आदतन अपराधी है और पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुका है। घायल विवेक पाराशर को परिजन और परिचित डीग अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने सिर में टांके लगाकर प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भरतपुर रेफर कर दिया गया। पीड़ित ने हमले से संबंधित तस्वीरें भी पुलिस को सौंपी हैं। विवेक पाराशर ने कोतवाली थाना डीग में आरोपी देवेंद्र सिंह उर्फ कुक्कन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


