सीधी में युवक को लाठी-डंडों से पीटा:बाउंड्री में गिरने पर हुआ विवाद, गंभीर हालत में अस्पताल में एडमिट

सीधी जिले के ग्राम तेंदुआ में मारपीट का एक मामला सामने आया है। शनिवार रात करीब 9 बजे लालू प्रजापति ने रामदास कोल नामक युवक को लाठी-डंडों से पीट दिया। इस घटना में रामदास कोल के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित रामदास कोल ने अस्पताल में इलाज के दौरान बताया कि वह रात के समय अपने घर जा रहा था। उसने थोड़ी शराब पी रखी थी, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह अनजाने में लालू प्रजापति की लकड़ी से बनी बाउंड्री के अंदर गिर पड़ा। रामदास के अनुसार, यह घटना पूरी तरह से अनजाने में हुई थी और उसका किसी से कोई पूर्व विवाद नहीं था। इसी दौरान लालू प्रजापति मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। रामदास के विरोध करने से पहले ही लालू ने उस पर लाठी और डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के कारण रामदास के सिर में गहरी चोट आई और खून बहने लगा। हालत बिगड़ने पर परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत जिला अस्पताल सीधी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में छह टांके लगाए हैं। दोषी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे इस पूरे मामले पर अस्पताल चौकी प्रभारी देवराज सिंह ने बताया कि मारपीट में एक युवक के घायल होने की सूचना मिली थी और घायल का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। इस संबंध में संबंधित थाने को आवेदन भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *