राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी (प्रारंभिक) परीक्षा 2024 रविवार को होगी। इस परीक्षा में कुल 10 हजार 509 अभ्यर्थी भाग लेंगे, जिसके लिए 34 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने शनिवार को परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेते हुए विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने लेसिया स्कूल, गवर्नमेंट गर्ल्स पीजी कॉलेज, आदर्श बाल विद्या मंदिर स्कूल और दर्शन बीएड कॉलेज का दौरा कर बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और स्वच्छता का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने परीक्षार्थियों के लिए छाया और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परीक्षा दोपहर 12 से 3 बजे तक आयोजित की जाएगी। कुल 34 केंद्रों में से 20 निजी और 14 सरकारी परीक्षा केंद्र हैं। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए 12 उप समन्वयक, 6 सतर्कता दल और 54 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हेमराज पारेता और सभी परीक्षा केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।


