जमशेदपुर में नाले से युवक का शव मिला:दो दिन से था लापता, चाचा के घर आया था मिलने, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याण नगर इलाके में स्थानीय लोगों ने नाले में एक युवक का शव पड़ा देखा। शव की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इसकी सूचना सीतारामडेरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। नाले में शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। आदित्यपुर का रहने वाला था युवक पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान आदित्यपुर निवासी राहुल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही राहुल के परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। शव को देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर मृतक की हालिया गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। दो दिन से था लापता, चाचा के घर आया था मिलने मृतक के चाचा सुखलाल ने पुलिस को बताया कि राहुल मूल रूप से आदित्यपुर का रहने वाला था। वह करीब दो दिन पहले कल्याण नगर स्थित अपने चाचा-चाची के घर आया था। इसके बाद से वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। रविवार सुबह नाले से उसका शव मिलने की सूचना मिली, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि राहुल की किसी से दुश्मनी की जानकारी उन्हें नहीं थी। परिजनों ने जताई हत्या की आशंका परिजनों ने राहुल की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यह सामान्य मौत नहीं लगती और इसमें किसी साजिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस भी मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है और मृतक के संपर्कों व गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *