राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, माकड़ो के स्टाफ ने संवेदनशीलता का परिचय दिया है। राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद छात्राओं को सर्दी से बचाव के लिए ऊनी वस्त्र और जूते वितरित किए गए। विद्यालय की वरिष्ठ अध्यापिका नीति कुमारी एवं सुमन मीना ने अपनी ओर से छात्राओं को जूते और जुराब भेंट किए। वहीं आशा मीणा ने उदारता दिखाते हुए विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को पायजामा (लोअर) और टी-शर्ट वितरित किए। कड़ाके की ठंड के इस दौर में नए जूते और गर्म कपड़े पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। यह समारोह प्रधानाचार्य राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अशोक कुमार मीणा और सुरेंद्र कुमार मीणा रहे। अतिथियों ने संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की बुनियादी सुविधाओं का ध्यान रखना पुण्य का कार्य है और शिक्षक वर्ग द्वारा किया गया यह प्रयास अनुकरणीय है। विद्यालय परिवार ने जताया आभार प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने भामाशाहों और सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से न केवल विद्यार्थियों को सहायता मिलती है, बल्कि समाज में भी सकारात्मक संदेश जाता है। इस दौरान विद्यालय परिवार और छात्राओं ने संयुक्त रूप से दानदाताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। व्याख्याता सुंदर लाल, वरिष्ठ अध्यापक: राजेश कुमार, वरिष्ठ अध्यापिका नीति कुमारी, सुमन मीणा, आशा मीणा, शारीरिक शिक्षिका कमलेश कुमारी, अध्यापिका उर्मिला, सुशीला, राजबाला तथा शिक्षक अनिल कुमार मीणा मौजूद रहे।


