भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर केंद्रीय विद्यालय बैकुंठपुर में 23 जनवरी को पराक्रम दिवस और सरस्वती पूजा पर परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम अंतर्गत भारतीय सेना के गौरवपूर्ण व सफल अभियान ऑपरेशन सिंदूर विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में देशप्रेम की भावना जागृत करना और भारतीय सेना के शौर्य, साहस और पराक्रम से उन्हें परिचित कराना रहा। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित की गई। प्रथम मिडिल वर्ग में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थी और द्वितीय सेकेंडरी वर्ग में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में बैकुंठपुर के विभिन्न विद्यालयों जवाहर नवोदय विद्यालय, एकलव्य मॉडल स्कूल, सेंट जोसेफ स्कूल व सरस्वती विद्या मंदिर के कुल 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। एक घंटे तक चली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की ऑपरेशन सिंदूर व भारतीय सेना से संबंधित ज्ञान और समझ की परख की गई। प्रतियोगिता के बाद सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को जलपान कराया गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिखित पुस्तक एग्जाम वॉरियर्स की प्रति भेंट की गई। दोनों वर्गों में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।


