70 लाख की लागत से बने SP ऑफिस का उद्घाटन:महंत नरेशपुरी बोले- पुलिस से सबको न्याय की उम्मीद तो सहयोग भी दें; ट्रस्ट करता रहेगा सेवा कार्य

दौसा पुलिस अधीक्षक ऑफिस और कॉन्फ्रेंस हॉल के नए भवन का उद्घाटन रविवार को मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के महंत डॉ. नरेशपुरी महाराज और जयपुर रेंज आईजी राघवेंद्र सुहासा ने किया। करीब 70 लाख रुपए की लागत से मेहंदीपुर बालाजी मंदिर ट्रस्ट द्वारा बनवाए गए दो मंजिला भवन को पुलिसिंग की आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा। उद्घाटन के बाद महंत के साथ अधिकारियों ने भवन का अवलोकन किया। बालाजी की प्रेरणा से कर रहे सेवा कार्य- महंत महंत डॉ. नरेशपुरी ने कहा कि बालाजी महाराज की प्रेरणा से ट्रस्ट द्वारा हमेशा सेवा कार्य किए जाते रहे हैं और आगे भी सेवा कार्य करते रहेंगे। यदि देने वाले का मन अच्छा है तो लेने वाले का भाव भी सही होना चाहिए। इससे पहले ट्रस्ट द्वारा दौसा में ही बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त मशीनें लगवाई थी, जिससे बेजुबान पशुओं को इलाज मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी एक जाति या धर्म विशेष की नहीं बल्कि जनता के लिए काम करते हुए अपना कर्तव्य निभाती है। किसी प्रकार का सहयोग देने से ऐसा नहीं होता कि पुलिस किसी दूसरे की हो गई। पुलिस सबके दुख में काम आती है, आज कोई भी पीड़ा होती है तो हम सबसे पहले पुलिस में जाकर गुहार लगाते हैं। महंत ने कहा कि पुलिस से सबको न्याय की उम्मीद होती है। इसलिए पुलिस की सुविधाओं पर भी ध्यान देना चाहिए। इसके लिए सरकार तो सब कुछ कर सकती है, लेकिन भामाशाह और जनता को भी सेवा लेने के साथ-साथ कुछ देने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। बालाजी ट्रस्ट जनकल्याण के कार्यों के लिए हमेशा अग्रणी रहेगा। बेहतर सुविधाएं होना जरूरी- आईजी आईजी राघवेंद्र सुहासा ने कहा कि अपराध के बदलते पैटर्न के अनुसार आधुनिक पुलिसिंग के लिए बेहतर सुविधाएं होना बेहद जरूरी है। एसपी ऑफिस को नया भवन मिला है इसके लिए मेहंदीपुर बालाजी मंदिर के महंत का आभार। अपराध की रोकथाम और करुण व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तत्परता से कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान एसपी सागर राणा ने महंत और आईजी का स्वागत कर पौधा भेंट किया। सहयोग के लिए एसपी ने बालाजी ट्रस्ट का आभार जताया। इस दौरान जिला जज केशव कौशिक, कलेक्टर देवेन्द्र कुमार, डीएफओ हरिकिशन सारस्वत, एएसपी हेमंत कलाल, बालाजी ट्रस्ट सचिव एमके माथुर समेत जिले भर के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *