पाली में रविवार को 42 परीक्षा केंद्रों पर RAS प्री परीक्षा का आयेाजन हुआ। सुबह परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ लगी नजर आई। सुरक्षा को लेकर पुलिस जाप्ता तैनात दिखा जो कड़ी जांच के बाद एंट्री देता नजर आया।
बता दे कि राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से रविवार को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा प्रारंभिक (आरएएस प्री) जिला मुख्यालय के 30, रोहट के 3, सोजत के 5 एवं फालना शहर में 4 परीक्षा केंद्रों सहित कुल 42 परीक्षा केंद्रों आयोजित की गई। एडीएम व समन्वयक अधिकारी डॉ. बजरंगसिंह ने बताया कि परीक्षा देने के लिए 13722 अभ्यर्थियों ने पंजीयन करवा रखा है।
परीक्षा उपखंड मुख्यालय पर आयोजित होने पर संबंधित उपखंड अधिकारी को अतिरिक्त समन्वयक अधिकारी नियुक्त कर निर्देशित किया है कि वे सोजत, रोहट, बाली में परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पादित करें। निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर सम्पूर्ण पुलिस व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पाली को नोडल अधिकारी नियुक्त कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के निर्देश दिए। अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल आधार कार्ड (रंगीन प्रिंट) लेकर आना होगा। मूल आधार कार्ड पर फोटो पुरानी या अस्पष्ट है, तो अन्य मूल फोटो पहचान पत्र (ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, मतदाता पहचान पत्र जिसमें रंगीन और नवीनतम स्पष्ट फोटो हो) लेकर परीक्षा केंद्र पर आना होगा।


