हाथियों ने नौ किसानों की फसलों को रौंदा, फॉर्म हाउस को भी तोड़ा

भास्कर न्यूज | रामगढ़ जिले में पिछले 60 दिनों से हाथियों का झुंड उत्पात मचा रहा है। रामगढ़ शहर के निकटवर्ती गांव कांकेबार में हाथियों का दहशत बढ़ता जा रहा है। हाथियों ने गांव के करीब 15 एकड़ भूमि में करीब 10 लाख से अधिक का फसलों को नष्ट किया है। हाथियों ने घरों व फॉर्म को क्षतिग्रस्त भी किया है। कांकेबार, रामगढ़ प्रखंड के दोहाकातू क्षेत्र के चुटूपालू, वनखेता, पतरातू प्रखंड के सिऊर कंडेर, कच्चूदाग आसपास के गांव हाथियों से प्रभावित है। प्रभावित गांवों के लोग रतजगा करने को विवश है। ताकि घरों, फसलों के साथ खुद को सुरक्षित रख सके। इसके बावजूद हाथी गांवों में घुस रहे। वन विभाग के कर्मियों और विशेष टीम हाथियों को रामगढ़ जिला से जंगल के रास्ते बाहर निकालने में नाकाम साबित हो रही है। गांव के सुरेश महतो ने बताया कि शनिवार की रात्रि करीब 11 बजे 14-16 हाथियों का झुंड कांकेबार में घुस आया और सुबह करीब 3 बजे तक गांव के खेतों में लगे सब्जी, आलू,प्याज, गेंहू आदि को खाया और रौंद कर नष्ट कर दिया। जबकि, गांव में किसान के फॉर्म हाउस को भी तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि गांव के किसान भातू महतो, भुनेश्वर मुंडा, परमेश्वर मुंडा, महेश महतो, प्रयाग महतो, नीलरतन महतो, छत्रु महतो, राजू महतो, धनेश्वर प्रसाद की फसलों को नुकसान पहुंचाया। कांकेबार के लोग हाथी से जान बचाने के लिए शाम ढलते ही घरों में दुबक जा रहे है। वहीं, रात में अपने घरों के छतों में आ जाते है,और गांव के गली मुहल्ले के रास्ते में निगरानी कर रहे है। ताकि, हाथियों के गांव में घुसने पर लोगों को सतर्क किया जा सके। इन दिनों हाथियों का झुंड लगातार गांव में घुस रहे है। इसलिए, किसान अपने खेतों में लगे आलू व अन्य फसलों को निकाल रहे है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *