भास्कर न्यूज| महामसुंद जिले की प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय फलक पर अपनी चमक बिखेरने को तैयार हैं। जूनियर राष्ट्रीय रग्बी सेवन चैंपियनशिप (अंडर-15) के लिए चयनित महासमुंद की बेटियों के सपनों को जनपद उपाध्यक्ष हुलसी जितेंद्र चंद्राकर ने आर्थिक संबल प्रदान किया है। ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित प्रतिष्ठित कलिंगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाले इस नेशनल टूर्नामेंट में जिले की चार होनहार बेटियां छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। चयनित खिलाड़ियों में जिया खान, प्रियंका साहू, नंदिनी निषाद और निशा ध्रुव शामिल हैं। इन खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा को देखते हुए जनपद उपाध्यक्ष हुलसी जितेंद्र चंद्राकर ने पुनः आर्थिक सहायता राशि भेंट की है। खास बात यह है कि चंद्राकर इन खिलाड़ियों के साथ तब से खड़ी हैं, जब ये राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी कर रही थीं। चंद्राकर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कलिंगा जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम में खेलना हमारी बेटियों के लिए गौरव की बात है। एक जनप्रतिनिधि के तौर पर मेरी कोशिश है कि किसी भी प्रतिभावान खिलाड़ी का रास्ता आर्थिक तंगी की वजह से न रुके। इस पुनीत कार्य में खरोरा की भूतपूर्व सरपंच सुनीता देवदत्त चंद्राकर एवं समाजसेवी शिक्षक हेमेंद्र चंद्राकर का भी विशेष सहयोग रहा। इस तरह के प्रोत्साहन से ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुँचने में मदद मिलती है। चारों खिलाड़ियों ने लिया पदक जीतने का संकल्प राष्ट्रीय मंच पर जगह बनाने वाली जिया, प्रियंका, नंदिनी और निशा ने इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है। खिलाड़ियों ने जोश के साथ संकल्प लिया कि वे भुवनेश्वर में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी और पदक जीतकर न केवल महासमुंद बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।


