गुरु नानक स्टेडियम में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न हुई। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म अदा की और परेड का निरीक्षण किया। परेड कमांडर पारस गर्ग के नेतृत्व में पंजाब पुलिस, पंजाब होमगार्ड और पंजाब पुलिस बैंड ने शानदार मार्च पास्ट किया। इसके उपरांत विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कोरियोग्राफी, गिद्दा और भांगड़ा पेश कर स्टेडियम को राष्ट्रीय रंग में रंग दिया। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि 26 जनवरी के मुख्य समारोह में पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री हरदीप सिंह मुंडियां मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और तिरंगा फहराएंगे। डीसी ने जिला वासियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें।


