भास्कर न्यूज | पलारी देश की रक्षा में कारगिल युद्ध के दौरान अदम्य साहस और वीरता का परिचय देने वाले रियल हीरो पूर्व सैनिक ऑर्डिनरी कैप्टन जगमोहन साहू अब छत्तीसगढ़ी फिल्मी पर्दे पर नजर आने जा रहे हैं। कैप्टन साहू अपनी पहली छत्तीसगढ़ी फिल्म राजा सुपरस्टार में पुलिस अधीक्षक की अहम भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म राजा सुपरस्टार का निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक संतोष ठाकुर कर रहे हैं। फिल्म में मुख्य भूमिका में छत्तीसगढ़ी सिनेमा के अभिनेता नितिन दुबे नजर आएंगे, वहीं नायिका के रूप में एल्फा घोष दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। फिल्म की कहानी एक्शन, सामाजिक संदेश और मनोरंजन से भरपूर बताई जा रही है। पूर्व सैनिक कैप्टन जगमोहन साहू ने कारगिल युद्ध के दौरान देश के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अब वे अपने अनुशासन, व्यक्तित्व और अनुभव के साथ फिल्म में एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी के किरदार को जीवंत करते नजर आएंगे। फिल्म से जुड़े लोगों का कहना है कि एक रियल वॉर हीरो का पुलिस कप्तान के रोल में आना फिल्म को और भी यथार्थवादी और प्रभावशाली बनाएगा। कैप्टन साहू के इस नए सफर पर नव युवा जन जागरण एवं प्रयास क्लब भिरई के सदस्यों सहित क्षेत्र के युवाओं ने खुशी जताई है। लिकेश हिंदू का कहना है कि उनका यह कदम युवाओं को देशभक्ति, अनुशासन और सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करेगा। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लिए यह एक गर्व का विषय है कि देश के लिए लड़ चुके एक सच्चे नायक अब कला के माध्यम से समाज को संदेश देंगे।


