भास्कर न्यूज | बेनूर नारायणपुर जिले के थाना बेनूर द्वारा रविवार 25 जनवरी को मिनी मैराथन दौड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छोटे व बड़े बालक-बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों के उत्साह से कार्यक्रम जीवंत रहा। थाना की ओर से प्रथम स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को 1500, द्वितीय को 1000, तृतीय को 500 तथा मेडल प्रदान किए गए। बालक वर्ग में वीरसिंह पोटाई ने प्रथम, राकेश पोटाई ने द्वितीय और बालसाय सलाम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में रीना उइके प्रथम, पूजा पोटाई द्वितीय और दुर्गावती तृतीय रहीं। विजेताओं को बेनूर एसडीओपी अविनाश कंवर द्वारा मेडल व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य प्रतिभागियों को कॉपी-पेन भी वितरित किए गए। इस अवसर पर एसडीओपी ने बच्चों को आगामी अबूझमाड़ मैराथन दौड़ में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।


