सराफा व्यापारी पर कट्‌टा अड़ाकर लूटने वालों का एनकाउंटर:भिंड में पुलिस से मुठभेड़, दो आरोपियों के पैर में लगी गोली

भिंड में शनिवार शाम सराफा दुकान में लूट करने वाले हथियार बंद बदमाशों को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में धर दबोचा है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस देर रात अटेर के बीहड़ पहुंची। यहां पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग हुई। दो आरोपियों के पैर में गोली लगी है। तीनों पुलिस की गिरफ्त में हैं। दरअसल, शनिवार शाम करीब 7 बजे बदमाश सराफा व्यापारी आनंद सोनी की दुकान में घुस गए थे। यहां उन्होंने दो फायर किए, फिर व्यापारी पर कट्‌टा अड़ा दिया। व्यापारी से कहा, पुलिस से कह देना कि मुंबई में बहुत लूट की है। ये माया गैंग है। बदमाश 10 मिनट में सोना लूटकर बाइक से फरार हो गए। व्यापारी शाम को पूजा करने जा रहे थे
आनंद ज्वेलर्स के संचालक आनंद सोनी दुकान में शाम को पूजा करने की तैयारी में थे। वह लक्ष्मीजी की प्रतिमा पर अगरबत्ती लगा रहे थे। इसी दौरान आए तीन बदमाशों ने दो हवाई फायर किए। एक गोली दुकान की शटर में जाकर लगी। दो बदमाशों ने व्यापारी और उसके साथी पर कट्‌टा अड़ा दिया। तीसरे बदमाश ने दुकान में रखे लॉकर से माल समेट लिया। उत्तरप्रदेश भागने की फिराक में थे बदमाश
एसपी डॉ. असित यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, किले के पास झाड़ियों में आग जलाकर बैठे तीन बदमाशों की सूचना मिली थी। पुलिस की घेराबंदी पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने 8 राउंड फायर किए। दो आरोपी घायल अवस्था में मिले, जबकि एक को भागते हुए पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में मुरैना के बिंडवा निवासी गुल्ली उर्फ शिवम तोमर (23), अमायन निवासी अंशु श्रीवास (19) और हुसेत घाट निवासी मोहित तोमर शामिल हैं। आरोपियों से 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, 2.77 लाख नकद, दो कट्टे और कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ में उन्होंने अहमदाबाद, मुरैना और मुंबई में भी वारदात करने की बात कबूली है। व्यापरियों ने बंद कर ली थीं दुकानें
घटना के बाद आसपास के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर ली थी। लूट के बाद व्यापारी आनंद सोनी की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें घर ले गए। पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस और देहात पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी असित यादव समेत अन्य अधिकारी भी वहां पहुंचे। दुकान में लगे सीसीटीवी की डीवीआर जब्त कर ली गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *