चित्तौड़गढ़ में आज 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया जा रहा है। जिला स्तरीय मुख्य समारोह स्थानीय इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित किया गया है। सुबह से ही स्टेडियम और आसपास के क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है। देश की आन-बान और शान का प्रतीक तिरंगा पूरे सम्मान और गौरव के साथ फहराया जाएगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहेंगे। सभी में गणतंत्र दिवस को लेकर खास उत्साह नजर आ रहा है। मुख्य अतिथि करेंगे ध्वजारोहण और सलामी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला स्तरीय समारोह की शुरुआत सुबह 9.05 बजे होगी। समारोह के मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री गौतम दक ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद वे परेड का निरीक्षण करेंगे और मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रभा गौतम राज्यपाल का संदेश पढ़कर सुनाएंगी। इस संदेश के माध्यम से संविधान, लोकतंत्र और नागरिक कर्तव्यों की अहमियत पर प्रकाश डाला जाएगा।


