पंजाब के रोपड़ जिले के नंगल में चाइना डोर की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। भानुपली से नंगल की ओर जा रहे युवक के गले में अचानक चाइना डोर फंस गई, जिससे उसे गहरी चोट आई। हादसे के तुरंत बाद घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसके गले पर सात से आठ टांके लगाए। प्रतिबंध के बावजूद भी बिक रही डोर डॉक्टरों के अनुसार, यदि समय पर इलाज न मिलता, तो यह चोट जानलेवा भी साबित हो सकती थी। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब प्रशासन द्वारा चाइना डोर पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद इसकी अवैध बिक्री जारी है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों की कड़ी कार्रवाई की मांग घायल युवक के परिजनों ने घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने चाइना डोर की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। परिजनों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि चाइना डोर बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


