रीवा में प्रभारी मंत्री प्रह्लाद पटेल ने किया ध्वजारोहण:तिरंगे के साथ गूंजा गणतंत्र का जयघोष, एसएएफ मैदान में भव्य समारोह

रीवा में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पूरे जिले में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह एसएएफ मैदान रीवा में आयोजित हुआ, जहां जिले के प्रभारी मंत्री और पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्य अतिथि पटेल सुबह 8.58 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे और ठीक 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत ध्वज वंदन किया। इसके पश्चात उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। सुबह 9.08 पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया गया। प्रभारी मंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा कि आज पूरे विश्व में भारत की ताकत बहुत तेजी से बढ़ रही है। भारत एक समृद्ध राष्ट्र के तौर पर विश्व पटल पर उभर रहा है। आज हमारे देश को पूरे विश्व में सम्मान की नजर से देखा जाता है। देश को मजबूत बनाने के लिए युवा,अन्नदाता और नारी के विकास के लिए प्रधानमंत्री ने आव्हान किया है। इसी दिशा में गरीब,कल्याण,किसान कल्याण और नारी सशक्तिकरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की प्रगति के लिए कई बहुआयामी कदम उठाए गए हैं। इसी उद्देश्य से प्रदेश में वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। वर्ष 2002 और 2003 में कृषि के लिए बजट 600 करोड़ था। जिसे 2026 में बढ़ाकर 27 हजार 50 करोड़ रुपए तक किया गया है। ताकि किसानों के चेहरे पर मुस्कान आ सके। आने वाले समय में हमारा प्रदेश मुख्य रूप से दुग्ध उत्पादन के केंद्र के तौर पर अपनी पहचान बनाएगा। सरकार लगातार पशुपालन को बढ़ावा दे रही है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि लगातार प्रदेश में उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार कार्य कर रही है। देश भर से निवेशक आज मध्यप्रदेश में निवेश करने के लिए तैयार हो रहे हैं। जिससे रोजगार लगातार बढ़ेंगें। उन्होंने कहा कि आज हवाई यात्रा को सुगम बनाने की दिशा में लगातार कार्य हो रहे हैं। रीवा से दिल्ली और इंदौर के लिए शुरू हुई उड़ानें इसका उदाहरण है। जहां लगातार हवाई यात्रा को सुगम बनाया जा रहा है। इसके बाद आकर्षक परेड और मार्चपास्ट ने समारोह की शोभा बढ़ाई। सुबह 9.41 पर शांति और सौहार्द का संदेश देते हुए मुख्य अतिथि ने रंगीन गुब्बारों को मुक्त आसमान में छोड़ा और परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। 9.45 पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों और लोकतंत्र के प्रहरियों का सम्मान किया गया। 9.55 बजे मध्यप्रदेश गान का गायन हुआ। समारोह में सुबह 10 बजे से 10.35 बजे तक विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियां प्रदर्शित की गईं। सुबह 10.40 बजे श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों व संस्थाओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का समापन सुबह 11 बजे हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि सुबह 11.30 बजे शासकीय उमावि बदरावं में आयोजित जिला स्तरीय विशेष मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में शामिल हुए। गणतंत्र दिवस की संध्या पर नगर निगम के टाउनहॉल में आयोजित भारत पर्व के अंतर्गत शाम 6 बजे से कवि सम्मेलन होगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर केन्द्रीय जेल में परिरूद्ध अच्छे आचरण वाले आजीवन कारावास के 10 बंदियों को रिहा भी किया जाएगा। पूरे जिले में विभिन्न शासकीय, शैक्षणिक और सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गतिविधियों के साथ गणतंत्र दिवस उल्लासपूर्वक मनाया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *