धनबाद में गणतंत्र दिवस समारोह रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में आयोजित किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद उपायुक्त ने परेड का निरीक्षण किया। परेड में जिला पुलिस, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, एनसीसी और महिला बटालियन के जवानों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर शहीद जवानों के परिजनों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मैट्रिक और इंटर प्री-बोर्ड परीक्षा के छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य विभाग और ट्रैफिक विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। समारोह में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां निकाली गईं। इनमें डीआरडीए, डीएमएफटी, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग और शिक्षा विभाग की झांकियां शामिल थीं, जिन्होंने जिले में चल रही योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया। अपने संबोधन में उपायुक्त आदित्य रंजन ने जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा धनबाद जिले में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की। उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन धनबाद को बेहतर, सुरक्षित और विकसित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने जनहित में कार्यों को जारी रखने का आश्वासन दिया।


