झालावाड़ में सोमवार को देवनारायण भगवान के जन्मोत्सव पर विशाल शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा देवनारायण मंदिर खंडिया से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी और देवनारायण मंदिर धनवाड़ा, झालावाड़ पर समाप्त हुई। शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया। इस जिला स्तरीय शोभायात्रा में झालावाड़ शहर समेत जिलेभर के ग्रामीण इलाकों से गुर्जर समाज के महिला-पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। यात्रा में 24 बगड़ावत घोड़े, गुर्जर समाज का अखाड़ा, डीजे पर महिला नृत्य और डांडिया नृत्य जैसे आकर्षक प्रदर्शन शामिल थे। गुर्जर पहलवानों ने भी अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जबकि समाज के कई महिला-पुरुष नृत्य करते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा खण्डिया स्थित मंदिर से शुरू होकर मंगलपुरा, कोतवाली रोड, सीमेंट रोड, बड़ा बाजार और मोटर गेराज होते हुए धनवाड़ा स्थित देवनारायण मंदिर पहुंची। शोभायात्रा के समापन के बाद एक विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।


