भरतपुर में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर बदमाशों ने एक नेशनल स्केट्स प्लेयर का पैर तोड़ दिया। स्केट्स प्लेयर को अप्रैल महीने में इंटरनेशनल टूर्नामेंट खेलने नेपाल जाना था। अब उसके पैर में दो जगह फ्रेक्चर आया है। डॉक्टर की मानें तो अब वह पूरे एक साल तक खेल नहीं पाएगा। मथुरा गेट थाना क्षेत्र में नसवारिया गली गंगा मंदिर के पास रहने वाले भव्य चौधरी(16) ने बताया- वह दसवीं क्लास में पढ़ता है। कल(शनिवार) वह शाम करीब 6 बजे अपनी बहन को ट्यूशन से लेने के लिए स्कूटी से जा रहा था। तभी उसे रास्ते में उसके घर के पास रहने वाले युवक अभि, धोनी, वीर, हैप्पी, बिटटू, बलबीर, मोहित सहित उनके 15 से 20 साथियों ने घेरकर रोक लिया। वह उससे कहने लगे की तू यहां से मत निकला कर। उन्होंने शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगे। जब भव्य ने उसे पैसे देने से मना कर दिया तो, आरोपियों में से एक ने उसके थप्पड़ मार दिया। इसके बाद सभी युवक पास में बर्फी नाम की महिला के घर में उसे खींचकर ले गए। इस दौरान जब भव्य ने अपने दोस्त को फोन करने की कोशिश की, तो युवकों ने उसका फोन जमीन पर फेंककर तोड़ दिया और उसके साथ लोहे की रॉड समेत अन्य हथियारों से मारपीट की। स्थानीय लोगों ने भव्य के साथ मारपीट होते हुए देखी तो भव्य के परिजनों को बताया। जिसके बाद भव्य के परिजन मौके पर पहुंचे। इस दौरान बदमाश उसे भव्य को घायल हालत में छोड़कर फरार हो गए। पैर में 2 जगह फ्रैक्चर, इस साल टूर्नामेंट में भाग नहीं ले सकेगा
इसके बाद देर शाम परिजनों ने भव्य को आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया। भव्य के बाए पैर में 2 जगह फ्रैक्चर आए हैं। उसके पैर में प्लास्टर चढ़ाया हुआ है। इसके अलावा भव्य के शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी हैं। भव्य ने बताया की डॉक्टर के अनुसार- वह इस साल किसी भी टूर्नामेंट में भाग नहीं ले सकेगा। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है। भव्य ने बताया- अप्रैल महीने में इंटरनेशनल स्केट्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नेपाल जाना था। लेकिन अब वह उसमें भाग नहीं ले पाएगा। इससे पहले उसने जयपुर में एक टूर्नामेंट में भाग लिया था, जहां उसने गोल्ड मेडल जीता था। भव्य अभी तक 2 बार नेशनल, 10 बार डिस्ट्रिक्ट और 2 बार स्टेट खेल चुका है। भव्य के पिता धर्मेंद्र चौधरी और मां प्राइवेट टीचर हैं। उसकी एक बड़ी बहन और एक छोटा भाई है। वह 3 साल से स्केट्स चला रहा है। थानाधिकारी बोले- FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
मामले पर मथुरा गेट थाना अधिकारी मदन लाल मीणा ने बताया- मामले की FIR दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


