भारत र| पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की झारखंड से जुड़ी अनेक स्मृतियां हैं, भाजपा उन्हें संग्रहित करेगी। सभी स्मृतियों को डिजिटलाइज्ड करने की योजना है। नई पीढ़ी के लिए यह स्मृति संग्रह पाथेय बनेगा। रांची विधायक सीपी सिंह ने रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि 14 फरवरी तक सभी जिलों की समितियां इसके लिए संबंधित व्यक्ति या संस्था से संपर्क कर उसे संग्रहित करेंगी। 15 फरवरी से 15 मार्च तक सभी जिलों में अटल विरासत सम्मेलन होगा। इसमें प्रबुद्धजनों को आमंत्रित किया जाएगा। अटल बिहारी वाजपेयी के साथ काम कर चुके नेताओं को सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा। शताब्दी आयोजन के लिए प्रदेश स्तरीय समिति बनी सीपी सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष में पार्टी व्यापक कार्यक्रम का आयोजन करेगी। शताब्दी आयोजन के लिए प्रदेश स्तरीय समिति बनी है, जिसके संयोजक प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू बनाए गए हैं। सह संयोजक पूर्व विधायक अनंत ओझा हैं। प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, शिवपूजन पाठक, योगेंद्र प्रताप सिंह, अनिल सिंह और अनुज कुमार समिति में हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि वे अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़ी स्मृतियों, फोटोग्राफ और वीडियो को साझा करें। कहा कि झारखंड निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी का यहां से गहरा जुड़ाव रहा था। वे अपने जीवन काल में अनेक बार झारखंड के सुदूर ग्रामीण जिलों तक पहुंचे। भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में सीपी सिंह व अन्य।


