मंगलवार सुबह महवा क्षेत्र में घने बादल छाए और तेज गर्जन के साथ मावठ का दौर शुरू हो गया। इस दौरान चने के आकार के ओले भी गिरे, हालांकि ओलावृष्टि कुछ ही मिनटों तक चली। क्षेत्र में मंगवार सवेरे से हुई बरसात 8 बजे तक जारी रही और तेज गर्जन के साथ बिजली कड़कती रही। बदले हुए इस मौसम से किसान चिंतित हैं। सरसों की फसल पककर खेतों में खड़ी है। मौसम और बिगड़ता है तो सरसों की फसल को भारी नुकसान हो सकता है। महवा के अलावा मौजपुर, गगवाना, पाटोली, करणपुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों में भी बरसात और बूंदाबांदी जारी है।


