बानसूर के हरसौरा कस्बे में हरसौरा क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित 16वीं क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार देर शाम संपन्न हुआ। इसमें मोठूका क्रिकेट क्लब ने पहाड़गंज क्रिकेट क्लब को हराकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में हर चौके-छक्के पर तालियां गूंजीं। मोठूका क्रिकेट क्लब ने निर्णायक बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि समाजसेवी विक्रम सिंह यादव ने विजेता टीम मोठूका क्रिकेट क्लब को 21 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी प्रदान की। उपविजेता टीम पहाड़गंज क्रिकेट क्लब को भी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि विक्रम सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण स्तर पर ऐसी खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे और गलत आदतों से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करती हैं। उन्होंने खेलों को अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम बताया और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर बलबीर यादव, विकास, नवीन, शिवा, पवन, कपिल, रामू सिंगर सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और ग्रामीण उपस्थित रहे। हरसौरा क्रिकेट क्लब के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। समापन के साथ ही अगले वर्ष और भी बड़े स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा की गई, जिससे क्षेत्र के खेल प्रेमियों में उत्साह है।


