रीवा के मनगवां विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक इंजीनियर नरेंद्र प्रजापति पर हमला कर गाली-गलौज की गई। विधायक ने स्पष्ट कहा कि यदि मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने समय रहते आरोपियों को नहीं पकड़ा होता, तो उनके साथ कोई भी अनहोनी हो सकती थी। यह घटना 25 जनवरी की है, जिसकी पुष्टि विधायक ने मंगलवार को की। विधायक नरेंद्र प्रजापति के मुताबिक, घटना के दौरान रिंकू सिंह और गुड्डू उर्फ गड़ासा शराब के नशे में धुत होकर पहुंचे और अचानक आतंक फैलाने लगे। दोनों ने विधायक के साथ अपशब्दों का प्रयोग किया और गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, कार्यक्रम में मौजूद माता-बहनों के साथ भी अभद्रता की गई, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। भाजपा विधायक ने कहा कि यह पूरी घटना साजिश के तहत की गई। हालात इतने बिगड़ गए थे कि उनकी जान को खतरा पैदा हो गया था। “अगर कार्यकर्ता समय रहते दोनों आरोपियों को पकड़ नहीं लेते, तो मेरे साथ कुछ भी हो सकता था,” विधायक ने कहा। इंजीनियर नरेंद्र प्रजापति ने बताया कि रिंकू सिंह और गुड्डू उर्फ गड़ासा हिस्ट्रीशीटर और वांटेड अपराधी हैं, जिनके खिलाफ थानों में कई छोटे-बड़े आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। यह पूरा मामला मनगवां विधानसभा क्षेत्र के सूरानाथ हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान हुआ। विधायक ने कहा कि घटना के पीछे किसका उकसावा है, यह जांच का विषय है और जांच के बाद साजिश का खुलासा हो जाएगा।


