सीधी जिले के संजय टाइगर रिजर्व में मंगलवार सुबह दूरी रेंज में रहने वाली T17 ‘लक्ष्मी’ बाघिन पहली बार पर्यटकों को खुले में दिखाई दी। इस दौरान सफारी में शामिल पर्यटक उत्साहित हो उठे और उन्होंने बाघिन के वीडियो व फोटो बनाए, जिन्हें बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया। T17 ‘लक्ष्मी’ बाघिन आमतौर पर अपनी टेरिटरी से बाहर नहीं निकलती और आसानी से लोगों को दिखाई नहीं देती। वन्यजीव प्रेमियों और फोटोग्राफरों के लिए यह एक दुर्लभ अवसर था, क्योंकि इससे पहले यह बाघिन बहुत कम देखी गई थी। मंगलवार की मॉर्निंग सफारी के दौरान यह विशेष पल दर्ज किया गया। मॉर्निंग सफारी में लगभग 26 पर्यटकों ने बुकिंग कराई थी, जो विभिन्न रूटों पर भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान पर्यटक अनीस सिंह और उनके साथियों की गाड़ी के सामने अचानक T17 ‘लक्ष्मी’ बाघिन आ गई। वह शांत और धीमी चाल से पानी के स्रोत की ओर बढ़ रही थी। उसकी चाल में कोई आक्रामकता या घबराहट नहीं थी। पर्यटकों ने बताया कि बाघिन को सामने देखकर वे कुछ पल के लिए हैरान रह गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत अपने कैमरों में इस दृश्य को कैद करना शुरू कर दिया। यह एक ऐसा दुर्लभ क्षण था जिसे सभी पर्यटक यादगार बनाना चाहते थे। बहुत कम दिखती है T17 संजय टाइगर रिजर्व के सीसीएफ अमित दुबे ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि T17 ‘लक्ष्मी’ बाघिन स्वभाव से शांत है और आमतौर पर कम दिखाई देती है। अब वह पूरी तरह से वयस्क हो चुकी है और अपने शावकों की देखभाल या शिकार की तलाश में कभी-कभी विचरण करती है। यह बाघिन हिंसक नहीं है और मानव गतिविधि के सामने आने पर शांतिपूर्वक दूसरी दिशा में चली जाती है।


